जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शनिवार को विंढम फाल पहुंचकर एक से सात जुलाई तक मनाये जाने वाले वन महोत्सव कार्यक्रम का पौधरोपण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी पीएस त्रिपाठी, सहायक प्रभागीय वनाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं विंढम फाल में घूमने आये सैलानियों से कहा कि वे अपने घरों के आस-पास अपने व अपने बुजुर्गों के नाम पौधे अवश्य लगायें तथा उनकी देखभाल करें।
प्रभागीय वनाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से एक से सात जुलाई तक वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत पूरे प्रदेश में पौधरोपण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिले को 79 लाख 51 हजार 900 पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है।