देहात कोतवाली क्षेत्र मंे भटौली पीपापुल से गुजरते समय बुधवार की दोपहर मालवाहक गाड़ी अनियंत्रित होकर गंगा में गिर पड़ी। वहीं दूसरी तरफ चुनार में पीपापुल से बोलेरो गंगा में गिरते गिरते बची।
दोनों हादसाें में उपजिलाधिकारी चुनार एवं देहात कोेतवाली पुलिस की सक्रियता के चलते किसी की जान नहीं गई।
कछवां संवाददाता के अनुसार, कछवां से मिर्जापुर जा रही एक टाटा मालवाहक गाड़ी बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे पुल जर्जर होने के चलते भटौली पीपापुल से अनियंत्रित होकर गंगा में गिर गई।
हादसा होते ही चालक दीपक गोड़ निवासी कछवां वाहन का गेट खोलकर पानी के उपर आया और तैरकर बाहर निकल गया। मौके पर पहुंची गुरसंडी चौकी की पुलिस चालक को हिरासत में लेकर क्रेन मंगवाकर गाड़ी को बाहर निकालने में जुट गई थी।
उधर सीखड़ संवाददाता के अनुसार राजगढ़ के धनसेरिया गांव से कुछ लोग बोलेरो में सवार होकर बुधवार को चुनार कोतवाली क्षेत्र के मेड़ियाघाट पर दाह संस्कार में शामिल होने आ रहे थे।
चालक जैसे ही बोलेरो लेकर चुनार पीपापुल पर पहुंचा तभी उसका चद्दर वाहन में फंस गया इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल में बंधे तार से फंसकर लटक गई।
इससे एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। वहीं गाड़ी फंसने से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वाहन में सवार लोग गाड़ी गंगा में गिरने की डर से शोर मचाने लगे।
रास्ते से गुजर रहे उपजिलाधिकारी चुनार डा. विश्राम ने सभी को वाहन से बाहर निकलवाया। इसके बाद क्रेन मंगवाकर वाहन को हटवाया। वाहन से सही सलामत निकलने के बाद लोगाें ने राहत की सांस ली।