शास्त्री सेतु पर लगी वाहनों की कतारें।-सशोसल मीडिया।
- फोटो : 1
चील्ह। शास्त्री सेतु पर मंगलवार भोर पिकअप खराब हो जाने से भीषण जाम लग गया। पुल के बीचों-बीच वाहन के खड़े हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब छह घंटे यातायात ठप रहा। भोर में चार बजे से लगा जाम सुबह 10 बजे के बाद खत्म हुआ। जाम की स्थिति चील्ह चौराहे से नटवा तिराहे तक बनी रही। इसका असर मवैया और पुरजागीर तक दो किमी तक देखने को मिला।
मंगलवार होने के कारण मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे हजारों श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे रहे। वैसे ही मंगलवार को शादी का मुहूर्त होने से पुल पर वाहनों का दबाव पहले से ही ज्यादा था। ऐसे में दोनों ओर से आगे निकलने की होड़ ने जाम को और उलझा दिया। लगन के चलते बरात की गाड़ियां भी जाम में फंसी रहीं, इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भदोही से आए श्रद्धालु विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वे भोर से जाम में फंसे हैं। समझ नहीं आ रहा मां के दर्शन कब होंगे। सूचना मिलते ही चील्ह और कटरा थाने की पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान पहुंचे और जाम खुलवाने में जुट गए। बाद में क्रेन की मदद से खराब पिकअप को हटाया गया, इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।