उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में तहसीलदार के पेशकार ने जहर खाकर जान दे दी। सुबह- सुबह पेशकार के जहरीला पदार्थ निगलने की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर में अफरा- तफरी मच गई। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मिर्जापुर जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तहसीलदार के पेशकार रामसहाय सिंह ने बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। जानकारी होते ही तहसील कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन- फानन उसे उपचार के लिए सीएचसी मड़िहान ले जाया गया। जहां हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान पेशकार की मौत हो गई।
यह है मामला
रामसहाय सिंह लगभग 25 वर्षों से मड़िहान तहसील में अर्दली से प्रमोशन होकर पेशकार पद पर कार्यरत रहे। बताया गया कि सेवानिवृत्त होने में डेढ़ वर्ष का समय बचा हुआ है। राजस्व परिषद अध्यक्ष डॉ. रजनीश दूबे का 18 अप्रैल को मड़िहान तहसील कार्यालयों का निरीक्षण था। आरोप है कि न्यायालय से पत्रावलियों के गायब होने के आरोप में कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा था।