विंध्याचल (मिर्जापुर)। आषाढ़ मास गुप्त नवरात्र की पंचमी पर सोमवार को बड़ी संख्या में भक्तों ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। गर्भगृह और झांकी दर्शन के लिए देवी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर की छत और विभिन्न होटल और धर्मशालाओं में डेरा डाले साधक दिनभर साधक मां विंध्यवासिनी के पूजन और अनुष्ठान में जुटे रहे।
बारिश के मौसम में घाटों पर अव्यवस्था रही। शौचालय और वस्त्र बदलने का इंतजाम न होने से विशेषकर महिला श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ रहा है। सफाई न होने से गलियों में जगह-जगह मौजूद गंदगी मुश्किलें बढ़ा रही हैं। किसी ने झांकी तो किसी ने गर्भगृह में पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने त्रिकोण परिक्रमा भी की। काली खोह पहाड़ पर विराजमान माता महाकाली एवं अष्टभुजा पहाड़ी पर मौजूद मां अष्टभुजी के दरबार में दर्शन पूजन कर लोगों ने घर-परिवार की कुशल मंगल की कामना की।
जाम में फंसे भक्तों ने प्रशासन को कोसा
जिगना। आषाढ़ मास के तीसरे सोमवार को डेरवा और विजयपुर में श्रद्धालुओं ने छोटी महरानी और माता शीतला के दर्शन किए। गैपुरा-लालगंज मार्ग पर जाम के चलते धूप में परेशान श्रद्धालु प्रशासन को कोसते रहे।
गैपुरा लालगंज पर गाजीपुर से विजयपुर ब्लॉक मुख्यालय व विजयपुर से डेरवा तक सड़क जाम रहा। जाम के चलते अधिकांश श्रद्धालु पगडंडियों और कटीले रास्तों से गुजरे। विजयपुर स्थित शीतलाधाम व डेरवा स्थित दुलारो माता पर भक्तों की भोर से ही भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पहले डेरवा स्थित छोटी महरानी दुलारो माता, फिर शीतला माता विजयपुर को कड़ाही चढ़ाकर हलुआ पूरी का भोग लगाया। माता दरबार में प्रयागराज, भदोही, कौशांबी, चंदौली के साथ ही मध्य प्रदेश से काफी संख्या में देवी भक्त दर्शन के लिए पहुंचे।