गांजा तस्करों की गाड़ी को निकलवाने के लिए पुलिस को कॉल कर गुमराह करने वाले पासर विशाल दास को पुलिस ने शुक्रवार को विशेश्वरपुर हाईवे से गिरफ्तार किया। 12 फरवरी को उत्तराखंड निवासी विशाल ने गांजा तस्करों की गाड़ी पास कराने के लिए पुलिस को कॉल कर झूठी सूचना दी थी कि उसे बदमाश असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने विशाल के पास से एक कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। दो मोबाइल फोन पूर्व में पकड़े गए आरोपी सचिन और विनोद के हैं। अदलहाट थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्ति नगर राज्य मार्ग पर हिनौती माफी मोड़ के पास 12 फरवरी की रात डीसीएम में लदे ढाई करोड़ का 2.618 क्विंटल गांजा बरामद किया गया था।
तस्करी के आरोप में विनोद सिंह निवासी ग्राम रूपा नागल थाना आदमपुर अमरोहा, दुष्यंत कुमार निवासी रूपा नागल थाना आदमपुर अमरोहा, सचिन पटेल निवासी बाजीखेड़ा उन्नाव को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने डीसीएम में बोतल के बीच गांजा की बोरियां छिपाई थीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिस दिन गांजा पकड़ा गया था। उस दिन पुलिस को पासर विशाल ने काॅल कर गुमराह करने का प्रयास किया था।