स्वामी विवेकानंद सेवा समिति की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को कैलहट और पुरुषोत्तमपुर स्थित केंद्र पर किया गया। प्रतियोगिता के दौरान लापरवाही का आलम रहा। कहीं कापी नहीं मिली तो कहीं पेपर नहीं। इस पर बच्चों और अभिभावकों ने नाराजगी जताई।
पुरुषोत्तमपुर स्थित माधव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं गैलेक्सी पब्लिक स्कूल पुरुषोत्तमपुर में परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा तीन वर्ग में प्राथमिक जूनियर तथा सीनियर वर्ग में होनी थी। बच्चों को 8:30 बजे बुलाया गया था। 9:00 बजे से परीक्षा प्रारंभ होना था। लेकिन परीक्षा संचालकों की लापरवाही की वजह से गैलेक्सी पब्लिक स्कूल में 11:00 बजे तक ना कोई पेपर पहुंचा और ना कोई कॉपी।
वहीं माधव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पुरुषोत्तमपुर में 9:30 के बाद कुछ बच्चों को काॅपी और पेपर दिया गया। कुछ बच्चे पेपर और कॉपी से वंचित रहे। काफी इंतजार के बाद भी जब बच्चों को पेपर व कापी नहीं मिला तो बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। अभिभावको रमाकांत सिंह, मनोज कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, स्नेह द्विवेदी, ब्रह्मदेव सिंह, आजाद सिंह, कमलेश प्रजापति, रविंद्र विश्वकर्मा ने रोष जताया।
प्रधानाचार्य छोटेलाल ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में भारी चूक की गई है। उन्होने कहा परीक्षा कराना कोई छोटी बात नहीं है। यदि इस तरह की परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है तो पहले आपको परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराना होता है।