मिर्जापुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शादी, विवाह समेत आयोजनों के लिए पंचायत उत्सव भवन बनाए जाएंगे। जिले की सभी विधानसभा में सभी सुविधाओं से लैस एक-एक पंचायत उत्सव भवन का निर्णय कराया जाएगा। तीन हजार वर्ग मीटर पर प्रत्येक भवन के निर्माण में 1.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिले की सदर, चुनार, मड़िहान, मझवां और छानबे विधान सभा में 100 लोगों की क्षमता वाले पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसमें तीन कमरे, एक हॉल, स्टेज, मंडप के अलावा रसोईघर और शौचालय बनाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक भवनों के अभाव में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल, काॅलेज या शहर में किराये पर स्थल लेना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार ने विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवन बनवाने का फसला लिया है। शासनादेश आदेश आने के बाद पंचायत विभाग जमीन की तलाश में जुट गया है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में जमीन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
इनसेट-
डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी स्थल का चयन
मिर्जापुर। पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए स्थल का चयन डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी करेगी। जहां खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से अन्नपूर्णा भवन का संचालन किया जा रहा है, उन ग्राम पंचायतों को उत्सव भवन के निर्माण में प्राथमिकता दी जाएगी। भवन का निर्माण ऐसी जगह कराया जाएगा, जहां छोटे-बड़े वाहन आसानी से पहुंच सकें।
वर्जन
-
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जमीन मिलते ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - संतोष कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ