फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचमी पर मां के जयकारे से गूंजी विंध्य की गलियां

Sun, 18 Oct 2015 12:56 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ मिर्जापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शारदीय नवरात्र के पंचमी तिथि पर पावन विंध्य दरबार में श्रद्घाभाव से लाखों भक्तों के सिर झुके। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी देवी के धाम में शीश नवा कर सुख-समृद्घि के लिए कामना किया।
विज्ञापन


विंध्यधाम क्षेत्र की सातों गलियां माता के जयकारे से गूंजती रही, वहीं मंदिर में भोर से देर रात तक दर्शन-पूजन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। गंगा में डुबकी लगाने के बाद माला-फूल एवं प्रसाद लिए श्रद्घालुओं ने मंदिर पहुंच कर विधिवत दर्शन-पूजन किया।

विंध्यधाम में भोर के समय मंगला आरती के साथ ही श्रद्घालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी, जो देर रात तक अनवरत जारी रही। मां का दर्शन-पूजन करने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। सभी जगत जननी मां विंध्यवासिनी देवी के चरणों में शीश नवाने के लिए लालायित दिखाई दिए।
विज्ञापन


मां के दर्शन करने को कतार में खड़े नर-नारी और बच्चे मां का जयघोष करते धीरे-धीरे पावन विंध्य दरबार की तरफ बढ़े चले जा रहे थे। मंदिर पहुंचने पर भक्तजनों द्वारा मां का गुड़हल, गुलाब, कमल पुष्प से किया गया दिव्य श्रृंगार दर्शन पाकर भाव विभोर हो उठे।

मंदिर की छत पर मुंडन संस्कार कराने वाले परिवार के लोगों का जमघट लगा रहा, वहीं बड़ी संख्या में साधक कतार में बैठ विधि-विधान पूर्वक वैदिक मंत्रोचार के बीच आदिशक्ति की आराधना करने में तल्लीन दिखे।

 मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी-देवताओं के मंदिरों में जाकर बड़े ही श्रद्घाभाव से पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की।

उधर विंध्य पर्वत शिखर पर विराजमान मां काली और मां अष्टभुजा देवी के दर्शन-पूजन करने के लिए आस्थावानों का तांता लगा रहा। घंटा-घड़ियाल, शंख एवं मां के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था। त्रिकोण परिक्रमा करने पहुंचे भक्तों ने पहाड़ पर पत्थर के टुकड़ों से घरौंदा बना कर मां से मन्नतें मांगी।

शारदीय नवरात्र मेले में पंचमी पर उमड़ी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पीएसी के जवानों सहित श्री विंध्य पंडा समाज एवं स्काउट-गाइड पूरी मुस्तैदी से दूरदराज से आए श्रद्घालुओं की सेवा में जुटे रहे। नवरात्र मेले में विंध्यधाम क्षेत्र की सातों गलियों में पूजन सामग्रियों सहित अन्य दूकानें बिजली की रोशनी से जगमगा रही थीं।
विज्ञापन


दूकानों के बाहर सजाई गई एक से बढ़ कर एक मां की चुनरी की छटा देखते ही बन रही थी। दुकानों की सजावट आंखों को सुकून प्रदान कर रहीं थीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें