कछवां क्षेत्र के हरिद्रा गांव में मंगलवार को दोपहर में एक बुजुर्ग की लू लगने से मौत हो गई। हरदरा गांव के पास शंकर भगवान के मंदिर परिसर में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद हुआ। लोगों के मुताबिक वृद्ध की लू लगने के कारण मौत हुई है। उसकी शिनाख्त मंगलवार को देर शाम घूरे बिंद (60) निवासी लल्लापुरा मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग कहीं से दर्शन करके लौट रहे थे। हरदा गांव के पास पहुंचे तो प्यास लगी थी। मंदिर के पास हैंडपंप पर पानी पीने के लिए रुके थे। पानी पीने के बाद मंदिर परिसर में ही आराम करने के लिए सोए थे। इसके बाद फिर नहीं उठे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि शिनाख्त घूरे बिंद (60) निवासी लल्लापुरा मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मौत लू लगने के कारण हुई है।