राजगढ़। इमलीपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर देख ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
सोनभद्र जनपद के पांडे पोखर मोकरसिम गांव निवासी 50 वर्षीय प्रेमनाथ अपनी रिश्तेदारी में बाइक से राजगढ़ थाना क्षेत्र के सरसों सेमरी गांव गए थे। वहां से अपने घर जा रहे थे। सोमवार रात लगभग नौ बजे इमलीपुर गांव के पास पहुंचे कि सामने से तेज रफ्तार आ रहे बाइक सवार मगरदहा गांव निवासी 35 वर्षीय ओमप्रकाश से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्रेमनाथ को मृत घोषित कर दिया। ओमप्रकाश की हालत गंभीर देख ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।