मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने सोमवार को जिले के सभी विकास खंडों के एक-एक गांव का निरीक्षण करवाकर सफाईकर्मियों की मौजूदगी व सामुदायिक शौचालयों की स्थिति की जानकारी ली। खंड विकास अधिकारियों के निरीक्षण में पांच सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। साथ ही तीन सामुदायिक शौचालय बंद मिले। इन सभी का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है।
सोमवार को विकास खंड राजगढ़ के ग्राम पचोखरा के निरीक्षण में सामुदायिक शौचालय खुला मिला, लेकिन सफाई कर्मी लवकुश कुशवाहा अनुपस्थित थे। विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत लखनपुर में सामुदायिक शौचालय खुला मिला एवं केयर टेकर उपस्थित थीं, लेकिन महिला शौचालय बंद मिला। सफाई कर्मी वहां उपस्थित मिले। सिटी विकास खंड के भटौली ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय बंद मिला। हलिया विकास खंड के ग्राम पंचायत भटवारी में सामुदायिक शौचालय खुला था, साफ सफाई भी मिली। सफाईकर्मी फोटो देवी अनुपस्थित रहीं। जमालपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत जय पट्टी कला के सामुदायिक शौचालय के सफाई कर्मी संतोष कुमार अनुपस्थित मिले। नरायनपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत भौरही में सामुदायिक शौचालय बंद मिला। सफाई कर्मी संतोष पाल, किरन एवं उमाकांत यादव अनुपस्थित मिले। पटेहरा कला विकास खंड के ग्राम पंचायत पटेहरा कला में शौचालय बंद मिला। बताया गया कि सफाई कर्मी अवकाश पर हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने तीन ग्राम पंचायतों ने बंद मिले शौचालयों पर तैनात सफाईकर्मियों, अनुपस्थित मिले ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उन्होंने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने का भी निर्देश दिया है।