कार्तिक पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
विंध्याचल। कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि पर बुधवार को जगत जननी मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
भक्त नारियल-चुनरी, माला-फूल लेकर विंध्यधाम पहुंचे, जहां मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन पाकर निहाल हो उठे। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवदी ने बताया कि बुधवार को लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर सुख व समृद्धि की कामना की।
भोर में मंगला आरती के बाद से ही मंदिर परिसर घंटा, घड़ियाल, शंख एवं माता के जयकारे से गुंजायमान रहा। कुछ भक्तों ने झांकी दर्शन तो कुछ ने गर्भगृह में जाकर मां के दर्शन किए। विंध्यधाम से सदर बाजार कोतवाली सड़क, न्यू वीआईपी गली व पुरानी वीआईपी गली में चारों तरफ भक्तजन ही नजर आ रहे थे। मां के दर्शन के बाद भक्ताें ने धाम परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर में मत्था टेका। मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में पहुंचे भक्ताें ने हवन-कुंड की परिक्रमा कर पुण्य लाभ कमाया।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद ज्यादातर देवी भक्तों ने त्रिकोण परिक्रमा करके महाकाली एवं मां अष्टभुजी देवी दरबार में मत्था टेका।