जिगना। छानबे विकास खंड में ग्राम पंचायत गोनौरा के मजरा रमगढ़वा मे सार्वजनिक आवागमन के रास्ते को मनबढ़ों की ओर से बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने एसडीएम सदर सहित अन्य अधिकारियों के यहां शिकायती पत्र भेजकर रास्ता चालू कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि 1995 में ग्राम पंचायत की ओर से मिट्टी का कार्य सड़क से रघुराज के घर तक कराया गया था।
वर्ष 2012-13 में खडंजा लगाया गया था। 20 दिन पहले गांव के मनबढ़ों ने रास्ते की जमीन को अपना बताते हुए खडंजा उखाड़ कर पत्थर का पिलर खड़ा कर कंटीले तार से घेर दिया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है। गांव निवासी भोला गिरी, छेदीगिरी, निरंजन, शिव भोला, शिवदर्शन, मनी गिरी, महेंद्र गिरी, जोखू गिरी, राजगिरी, राजेंद्र, शिवपूजन, नागेंद्र व सुनील आदि ने 18 जून को उप जिलाधिकारी सदर को शिकायती पत्र सौंपकर रास्ता खोलवाने की मांग की।