शेरवां। जिला पंचायत राज अधिकारी के आदेश के बावजूद ग्राम पंचायत विकास अधिकारी व ग्राम प्रधान सामुदायिक शौचालय निर्माण में रुचि नहीं ले रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद कुमार ने 23 जून को ब्लाक सभागार में सचिवों के साथ बैठक कर वित्तीय वर्ष के कार्य योजना में सामुदायिक शौचालय निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में बनवाने के निर्देश दिए थे।
वित्तीय वर्ष 2020-2021 के कार्ययोजना में जमालपुर विकास खंड काफी पीछे चल रहा है। शीघ्र कार्ययोजना देने के लिए समस्त सचिवो को निर्देश दिया गया था। लेकिन अभी तक अधिकतर ग्राम पंचायतों की ओर से सामुदायिक शौचालय के लिए कार्य योजना तैयार नहीं दिया गया है। प्रभारी एडीओ पंचायत शिवम चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के डवक, जहवां, महुली, रेरूपुर, मानीकपुर, सलामतपुर, मदरां सहित आधा दर्जन से अधिक गांव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा है। वही शेरवां, डूही, मनई, बनौली, जाफरखानी, भाईपुर, मनउर, बिसौरा, गौरी, भभौरा, भोकरौध, चौकिया, ककरही, लठीया सहजनी समेत दो दर्जन से अधिक गांव के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
पैमाइश के अभाव में रुका शौचालय
मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के बढ़ौली व खरहरा गांव ग्राम पंचायत की जमीन पर मनबढ़ो ने कब्जा कर लिया गया है। पैमाईश के अभाव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधान बढ़ौली राजेश गुप्ता का कहना है कि ग्राम पंचायत की जमीन से कब्जा हटाने के लिए एसडीएम सदर व थाना कोतवाली देहात को शिकायती पत्र सौंपा गया था। मामला कानूनगो और लेखपाल पर आकर अटक गया है। जमीन की पैमाईश न होने से सामुदायिक शौचालय का निर्माण अधर में पड़ा हुआ है। इसी तरह खरहरा ग्राम प्रधान लक्ष्मीना देवी के प्रतिनिधि गया प्रसाद का कहना है कि सामुदायिक शौचालय के लिए धन आदि तो जारी कर दिया गया है पर जमीन के अभाव में इसका निर्माण नहीं हो पा रहा है।