मिर्जापुर। जिला पंचायत ने जिले के 700 बकायेदारों को नोटिस जारी कर करों का भुगतान करने को कहा है। इस संबंध में सात आरसी जारी की गई है। जिला पंचायत का बकाएदारों पर सात करोड़ रुपये बकाया है।
जिला पंचायत विभिन्न प्रकार के करों से अपनी आय करता है। इसमें मुख्य रूप से संपत्ति व विभव कर, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कर व इसी प्रकार के अन्य कर लगाए जाते हैं। इनसे जिला पंचायत को आय होती है लेकिन इसमें से अधिकतर बकाएदार कभी समय पर करों का भुगतान नहीं करते हैं। इसकी वजह से बकाया दिन प्रति दिन बढ़ता ही चला जाता है। वसूली न होने से जिला पंचायत की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अब इन बकाएदारों को चिह्नित कर वसूली की नोटिस जारी की गई है। इसमें से 100 बकाएदार ऐसे हैं जिन्होंने कभी कर का भुगतान किया ही नहीं है। इसके बाद किसी का 10 साल से बकाया है तो किसी का 30 साल से बकाया है।
नक्शा पास कराने पर भी जिला पंचायत वसूलेगा कर: जिला पंचायत अब ग्रामीण क्षेत्र में भवनों या प्रतिष्ठानों का नक्शा पास कराने पर भी कर वसूलेगा।
शहरी क्षेत्र मेंं विकास प्राधिकरण करों की वसूली करता है। उसी तर्ज पर अब ग्रामीण क्षेत्र में भी जिला पंचायत वसूली करेगा। इसके लिए दिशा निर्देश तय कर दिए गए हैं।