- तीन दिनों में कार्य न होने पर मानव संपदा पोर्टल पर दी जाएगी प्रतिकूल प्रविष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिले के 618 परिषदीय व अन्य विद्यालयों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने पर नोटिस दिया गया है। कहा गया है कि वे तीन दिनों में सभी विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएं। अन्यथा इन स्कूलों के खिलाफ मानव संपदा पोर्टल पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलाें में प्रयोग में आने वाले 12 से अधिक रजिस्टर को डिजिटल किया है। इसके लिए एक ऑनलाइन मॉड्यूल बनाया गया है। इसी आधार पर यह निर्देश दिया गया था कि स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन ऑनलाइन दर्ज होगी। प्रार्थना के समय सभी शिक्षक उपस्थित होंगे। इसकी भी फोटो अपलोड की जाएगी। जिले के 1824 परिषदीय विद्यालयों में मात्र 1206 विद्यालयों ने ही छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की है। अभी भी 618 स्कूलों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि ऐसे विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है। यदि वे तीन दिनों में कार्य नहीं करते हैं तो उनको पोर्टल पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
-