मिर्जापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र रामकृष्ण भारद्वाज ने परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के यातायात शाखा के कार्यों की समीक्षा की। इसमें पाया कि यातायात पुलिस को जो भी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, उनमें से अधिकतर का प्रयोग नहीं हो रहा। सभी उपकरणों का उपयोग अभियान चलाकर किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि ब्लैक स्पॉट से संबंधित स्थानों को चिह्नित किया जाय। डीआईजी ने कहा कि जनता को यातायात नियमों के संबंध में जागरूक किया जाए। कहा कि ट्रैफिक समस्याओं के दृष्टिगत मैरिज हॉल सामने वाहनों की पार्किंग रोड पर कराई जा रही है। जिससे शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। मैरिज हाल से संबंधित मालिकों को नोटिस देकर उन्हें मैरिज हॉल के अंदर पार्किंग स्थल बनाने हेतु बताया जाए यदि उनके द्वारा ऐसा नहीं किया जाता है तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही किया जाए। परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के वाहनों के चालान की स्थिति संतोषजनक नहीं है। यातायात प्रभारियों द्वारा चालान तो किया गया है किंतु अन्य उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी द्वारा काफी कम मात्रा में चालान किया गया है। यह स्थिति आपत्तिजनक है। सभी को टास्क देकर अधिक से अधिक मात्रा में वाहनों का चालान कराया जाए। बैठक के दौरान परिक्षेत्र के तीनों जनपद के यातायात शाखा के समस्त अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।