थाना समाधान दिवस पर शनिवार को जिले के समस्त थानों पर फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की गई। जिले के सभी थानों पर 307 मामले आए। इनमें से मौके पर मात्र 26 मामलों का ही निस्तारण हो पाया। सबसे अधिक मामले जिगना थाने में आए। जहां डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। जिगना में आए 92 मामलों में से मात्र तीन का ही निस्तारण हो पाया। अन्य मामलों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम रवाना की गई। खास बात यह रही कि चार थानों में आए मामलों में एक का भी निस्तारण नहीं हो पाया।
डीआईजी आरपी सिंह ने मड़िहान थाने में लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। जहां आए 12 मामलों में से एक का निस्तारण नहीं हो सका। जिले के 15 थानों में से चार थानों मड़िहान, कटरा, चील्ह और लालगंज में एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। शहर कोतवाली में आए चार प्रार्थना पत्रों में तीन, अहरौरा थाने में 10 में चार, विंध्याचल में 18 में एक, देहात कोतवाली में 12 में दो, कछवां थाने में 22 में चार, पड़री में 35 में तीन, हलिया में 27 में एक, जिगना में 92 में तीन, चुनार मं 25 में दो, अदलहाट में 15 में दो, जमालपुर में 10 में एक मामले का निस्तारण हुआ। मड़िहान थाने में चार, कटरा कोतवाली में पांच, चील्ह में पांच और लालगंज थाने में आए 15 शिकायतों में से मौके पर एक का निस्तारण नहीं हो सका।
उधर, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा जिगना थाने में समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर गोगांव, खैरा, बिहसड़ा, गौरा, नरोइया के लिए संयुक्त टीम रवाना की गई। नेगुरा रिबई सिंह व देवरी मुतलिके गौरा में रास्ते के विवाद को स्वयं उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में पहुंचते ही रजिस्टर का अवलोकन कर लंबित मामलों का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस दौरान नीबीगहरवार की सुमन देवी ने बैनामा की जमीन पर कब्जा नहीं मिलने, नरैना की शांति देवी, कुशहा की फुलवंती देवी, मनिकठी के जयहिंद, बरबटा की प्रमीला, किशुनपुर के हेमंत कुमार, गोगांव की प्रधान सियादुलारी, बघेड़ाखुर्द के प्रधान बांके बिहारी मिश्र, बजटा के श्रीकांत ने चक मार्ग से अतिक्रमण हटवाने व जमीन विवाद की शिकायत की। जिगना थाने के सामने दोनों पटरियों पर खड़े ट्रकों को कहीं सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराने के लिए जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष व राजस्व निरीक्षक से जानकारी ली। एसपी ने जिगना थाने के अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर आदि का अवलोकन कर थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज व प्रधान लिपिक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।