जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को विकास खंड छानबे के आई स्पर्श नगवासी गांव के पूर्व प्राथमिक विद्यालय परिसर में चौपाल लगा कर शासन द्वारा संचालित योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया।
इस दौरान गांव में विकास का खाका खींचा गया। चौपाल के दौरान डीएम ने जनता की समस्याओं को सुना। डीएम ने समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का निरीक्षण कर उसे अमली जामा पहनाएं। डीएम ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि गांव में एक एकड़ तथा दो एकड़ जमीन जिन किसानों के पास है, उनकी आर्थिक स्थिति को भी देखा जाए तथा कृषकों का किसान क्रेडिट कार्ड यथाशीघ्र बनाया जाए।
डीएम ने कहा कि गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएं तथा गांव में बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव के जर्जर तारों को तत्काल ठीक करें तथा रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करें। पीओ नेडा को निर्देश दिया कि गांव में पीने का पानी, सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्क लगाए जाने की कार्रवाई तत्काल करें।
उद्यान विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि गांव में पार्क बनवाया जाए तथा सड़क किनारे पौधरोपण कराए जाएं। राजस्व संबंधित मुकदमों का तत्काल निस्तारण होगा। गांव में 19 फरवरी को कैंप लगा कर विकलांगों का प्रमाण पत्र बनेगा।