मिर्जापुर। जिले के पांच केंद्रों पर 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) का आयोजन किया गया है। इसमें 2653 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के नोडल केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय सिंह ने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में तो होगी ही। साथ ही परीक्षार्थी किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण नहीं लेकर आएंगे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होकर शाम 5: 15 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा के लिए पहले से ही तैयारियां कर ली गई हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक पुलिस निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, पांच पांच महिला व पुरुष आरक्षी सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर दो- दो सीआरपीएफ के जवान भी लगाए गए हैं। जांच के लिए एक उपनिरीक्षक व दो दो महिला व पुरुष आरक्षी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि परीक्षा को सुरक्षित रूप से कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। पूर्व की परीक्षा में सॉल्वर के रुप में चिह्नित लोगों की जांच की गई है। पुलिस दल निरंतर चक्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करता रहेगा।