सुरक्षा के लिए घुड़सवार से लेकर ड्रोन
नवरात्र मेला सकुशल कराने के लिए शासन से मांगी गई फोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। विंध्याचल में 29 सितंबर से शुरु हो रहे नवरात्र मेला में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से शासन से फोर्स मांगी गई है। इसमें पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस के साथ घुड़सवार, जल पुलिस और ड्रोन कैमरे की भी मांग की गई है। मेले क्षेत्र में दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जो चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने बताया कि नवरात्र मेला को सकुशल संपंन कराने के लिए क्षेत्र का भ्रमण कर खाका तैयार कर आईजी जोन वाराणसी भेजा गया है। इसमें एक एएसपी, आठ सीओ, 20 इंस्पेक्टर, 125 उप निरीक्षक, छह महिला उप निरीक्षक, 200 हेड कांस्टेबल, 1200 कांस्टेबल, 100 महिला सिपाही, 60 यातायात पुलिस, चार घुड़सवार, पांच फायर बिग्रेड, दो बम डिस्पोजल स्क्वाएड, दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी फ्लड यूनिट, ड्रोन कैमरे की मांग की गई है। बताया कि मेला क्षेत्र के लिए परिक्षेत्र विंध्याचल के अलावा जरुरत पड़ने पर वाराणसी रेंज या प्रदेश के अन्य जिलों से फोर्स भेजी जाएगी। अभी तक दो कंपनी पीएसी, एक प्लाटून फ्लड यूनिट की टीम मिल गई है। मेेल में सुरक्षा के लिए हर महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। किसी भी समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा लगाई जाएगी। इसके लिए मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारी कर ली गई है। ड्रोन कैमरा मिलने पर निगरानी में आसानी होगी।
उधर, शारदीय नवरात्र मेला से पहले विंध्याचल में सफाई के लिए जिला पंचायतराज विभाग एवं नगर पालिका प्रशासन की ओर से सफाईकर्मियों को जहां लगाया जाएगा, वहीं खुद अधिकारी भी हाथ बटाएंगे। आस्थाधाम विंध्याचल में 26 सितंबर को होने वाले विशेष साफ-सफाई अभियान की मंगलवार को जानकारी देते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में इसके लिए जिले भर से समस्त एडीओ पंचायतों को बतौर नोडल अधिकारी के रूप में तैनात कर दिया गया है। दे चले कि पिछले नवरात्र के दौरान जिलाधिकारी व सीडीओ की ओर से आस्थाधाम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया था। कुछ ऐसे स्थान रहे जहां व्याप्त गंदगी के चलते लोग उस मार्ग पर एक पल ठहरना मुनासिब नहीं समझ रहे थे, आज ऐसे स्थान पर टाइल्स आदि बिछवा दिए गए हैं, जहां नवरात्र में बैठकर श्रद्धालु साधना करते हैं।
इसी तरह ग्राम्यांचलों में किसी भी छोटे मामले को हल्के में न लें। उक्त बातें नवरात्र मेला और दुर्गापूजा को देखते हुए थानाध्यक्ष पड़री साजिद सिद्दीकी ने मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जन प्रतिनिधियों और आम गणमान्य नागरिकों से कही।
कहा कि दुर्गापूजा व रामलीला व दशमी का त्योहार आपसी भाईचारा व शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। डीजे संचालकों से तेज ध्वनि में बाजा न बजाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि गांव में यदि कोई छोटा मोटा मामला हो रहा है तो पहले लोग प्राथमिकता के साथ पहल कर खुद हल कराने का प्रयास करें यदि मामला न बन रहा तो बगैर समय गंवाए तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस मौके पर एसआई गिरेंद्र राय, योगेंद्र नाथ यादव, संजय सिंह, आशुतोष रॉय के अलावा ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद, कृष्ण कुमार दुबे, चंदन दुबे, प्रदीप दुबे, अजय ओझा, अनिल यादव, राजबली यादव, जगदीश सिंह, रामसागर, अब्दुल अहमद, सुधीर दुबे, धीरेंद सिंह व गोपाल गोड़ आदि उपस्थित रहे।
फोटो
डीएम के नेतृत्व में 26 को विन्ध्याचल में चलेगा वृहद सफाई अभियान
डीएम ने किया नवरात्र मेला होगा प्लास्टिक थर्माकोल मुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र मेला से पहले विंध्याचल में सफाई अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को बैठक हुई। डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि सभी अधिकारी सुबह छह बजे विंध्याचल पहुंच जाएं और सफाई अभियान में शामिल हों।
डीएम ने कहा कि 28/29 सितम्बर 2019 से शारदीय नवरात्र मेला शुरू हो रहा है। इसके पूर्व ही पूरे मेला क्षेत्र जैसे विन्ध्याचल, कालीखोह व अष्टभुजा के क्षेत्र में सफाई की जाएगी। इस अभियान में स्वयं जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित सभी जलिा स्तरीय अधिकारी सुबह छह बजे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंच कर पूर्वाह्न 10 बजे तक सफाई करेगें। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुये कहा कि सफाई अभियान के लिये पूरे मेला क्षेत्र को 12 सेक्टरों में विभाजित कर जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी व उनके सहायक नोडल अधिकारी के रूप में दो-दो अधिकारी की ड्यूटी लगायी जाये। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रत्येक विकास खण्ड से सफाई कर्मियों की ड्यूटी नोडल अधिकारीवार प्रत्येक सेक्टर में लगाएंगें। उन्होंने ईओ नगर पालिका मिर्जापुर से कहा कि वे प्रत्येक सेक्टर में नगर पालिका के 10-10 सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाएंगे तथा कूड़ा हटाने के लिये ट्राली, ट्रेक्टर भी मुुहैया कराएंगे। ग्रामीण क्षेेत्र से आने वाले सफाई कर्मियों व एक-एक ब्लाक के कर्मी को एक-एक सेक्टर में लगाया जायेगा। इसके अलावा नगर पालिका के सफाई नायक व सुपरवाइजर तथा ग्रामीण क्षेत्र के सफाई कर्मियों की निगरानी के लिये ग्राम पंचाय अधिकारियों की ड्यूटी लगायी जायेगी। उन्होंने कहा कि मेला के प्रारम्भ होने के पूर्व पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मेला क्षेत्र को प्लाटिक व थर्माकोल से मुक्त रखा जायेगा। यदि मेला क्षेत्र में किसी दुकानदार के द्वारा प्लास्टिक व थर्माकोल का प्रयोग करता हुया पाया जायेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।