पड़री। शिवलोक श्रीनेत महाविद्यालय में 65वीं प्रदेशीय वालीबाल प्रतियोगिता का आगाज मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर पटेल ने फीता काटकर किया। पहला मैच मिर्जापुर व अलीगढ़ के बीच खेला गया। अंतिम सेट में मिर्जापुर ने अलीगढ़ को 25-20 से हराकर मैच जीत लिया।
इससे पहले राज्य मंत्री ने कहा कि खेल मन के विकारों को समाप्त करता है। उन्होंने कहा कि मन का विकार दूर होने पर तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने लड़कियों से खेलकूद में आगे आने की अपील की। संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल ने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खेल के लिए आवश्यक है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने कहा खेल से मनुष्य में मानवता, सहिष्णुता व समता का संचार होता है। इस मौके पर शिवलोक व आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने जिम्नास्ट खेल में संगीत आदि से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर को होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमाशंकर शुक्ल व हिमांशी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संयोजक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत तथा महाविद्यालय की प्रबंधक डा. मधुलिका सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिला खेल सचिव राजवन सिंह, लाल बहादुर सिंह, डा. धर्मजीत सिंह, डा. लालजी शास्त्री, विद्या भूषन दुबे, डा. बीनारानी सिंह आदि मौजूद रहे।