विकास खंड के 350 लोगों के नाम राशन कार्ड से हटा दिए गए हैं। इसकी वजह से संबंधित लोगों को अनाज नहीं मिल रहा है। इससे उनके सामने परिवार के भरण पोषण की समस्या पैदा हो गई है।
कुछ कार्ड धारकों ने जब आपूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार सिंह से इसका कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि उनके आधार कार्ड का उपयोग धान बेचने में किया गया है। जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके आधार कार्ड का उपयोग चोरी से किया गया है और बैंक अकाउंट में कोई पैसा नहीं आया है। इसकी जांच कराकर न्यायोचित कार्रवाई की जाए। बिना जांच के गरीबों का नाम काटना अनुचित है। कार्ड धारकों ने जांच कर कार्रवाई की मैांग की है। ग्रामीण राम प्रसाद का कहना है कि अनाज नहीं मिल रहा है, कोई नौकरी नहीं है। परिवार का पालन पोषण करना एक चुनौती है। बल्ली सोनी का कहना है कि राशन मिलने से काफी राहत थी। अब अनाज न मिलने से परिवार का भरण पोषण करना चुनौती हो गई है। लालगंज निवासी आसमा पत्नी हबीब ने बताया कि राशन कार्ड से नाम हटाने के पीछे साजिश नजर आ रही है। आपूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है । पात्रों को जरूर राशन मिलेगा।