जन्माष्टमी पर नगर के बुंदेलखंडी स्थित श्री द्वारकाधीश जी महाराज के मंदिर की स्थापना के 115वीं वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया गया। एक ओर श्री द्वारकेश्वर महादेव जी का वैदिक मंत्रोच्चार बीच रूद्राभिषेक किया गया, वहीं श्री ठाकुर जी महाराज का विशेष पूजन किया गया। सांयकाल मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में विराजमान श्री ठाकुर जी का दिव्य शृंगार दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
मंदिर के मुख्य ट्रस्टी प्रदीप कुमार बजाज ने सपरिवार वैदिक रीति से षोड्सोपचार पूजन किया। सांयकाल सत्र में मंदिर परिसर में भजन-संध्या एवं दिव्य शृंगार किया गया। मंदिर परिसर की तरह-तरह के फूलों एवं रंग-बिरंगे लाइटों से की गई सजावट अलौकिक छटा बिखेर रही थी। भजन संध्या में कानपुर से आए ख्यातिलब्ध गायक कुमार संदीप और बरसाने से पधारीं पूनम दीदी ने अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से भक्तिरस की बयार बहाई।
कुमार संदीप ने भगवान गणेेश सहित बाबा भोलेनाथ एवं श्रीकृष्ण के मधुर भजनों को प्रस्तुत कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साध्वी पूनम दीदी ने भजनों की ऐसी विलक्षण धारा बहाई कि प्रतीत हुआ कि सभी ब्रजमंडल में बैठकर श्री राधा रानी एवं श्री द्वारकाधीश एवं नंद-नंदन श्रीकृष्ण के आंगन में बैठे रसपान कर रहे हैं। परितोष बजाज, सरिता बजाज, ज्योति बजाज समेत कई लोगों ने भजन का आनंद लिया। मंदिर में श्री द्वारकाधीश का भव्य श्रृंगार दर्शन करने के लिए देर रात तक लोगों का तांता लगा रहा।