चुनार। चुनार किला से युवती की फिसलकर खाई में गिरने से हुई मौत मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। युवती के पिता की तहरीर पर बुधवार को युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।
मंगलवार की दोपहर स्थानीय थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव निवासी विशाल साहनी (18) गांव की ही युवती नेहा साहनी (18) को लेकर किला घूमने गया था। दोनों डाक बंगले की ओर चले गए। इस दौरान दोनों खाई में गिर गए। फोन से युवक ने अपनी मां को स्वयं व नेहा के गिरकर घायल होने की जानकारी दी। परिजन किला में पहुंचे, दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक को गंभीर चोट आने के कारण ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बुधवार को युवती के पिता ने आरोप लगाया कि युवक उसकी पुत्री को बहलाकर किला घूमाने ले गया। वहां उसे खाई के पास ले जाकर धक्का दे दिया। इससे उसकी मौत हो गयी। युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। चुनार कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि युवती के पिता रामसूरत की तहरीर पर विशाल साहनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।