नरायनपुर। अदलहाट थाना के रसूलागंज के पास वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर बुधवार की सुबह अनियंत्रित बाइक से गिरने के बाद ट्रक की चपेट में आने से वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका पुत्र बाल-बाल बच गया। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
क्षेत्र के गरौड़ी गांव निवासी सूर्यप्रकाश सोनू अपनी मां 60 वर्षीय मंती देवी पत्नी सुग्रीव प्रजापति को बाइक पर बैठाकर आंख का उपचार कराने लिए रामनगर जा रहा था। रास्ते में रसूलागंज के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पीछे बैठी मंती देवी सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में उनका पुत्र सूर्यप्रकाश बाल-बाल बच गया। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंचे नरायनपुर चौकी प्रभारी ने शव को हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस ट्रक की तलाश में जुुट गई है।