मिर्जापुर। आल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन सहित दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी फेडरेशनों की ओर से 15 सूत्री मांगों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जिले में व्यापक असर पड़ा। यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन के आह्वान पर बुधवार को बैंकों में हुई तालाबंदी से क्लीयरिंग का लगभग डेढ़ सौ करोड़ रुपये का चेक प्रभावित रहा। हड़ताल में शहर से लेकर गांव तक बैंकों में तालाबंदी रही। डाककर्मी भी आंदोलन की राह पर रहे। मुख्य डाकघर शाखा के साथ ही ग्राम्यांचलों में पोस्ट आफिसों पर ताला लटक रहा। बैंक और पोस्ट आफिस में हुई तालाबंदी से सभी प्रकार के लेनदेन ठप रहे।
नगर में गिरजाशंकर सिंह की अध्यक्षता में बैंक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर डंकीनगंज स्थित इलाहाबाद बैंक के सामने समस्त बैंक कर्मियों की ओर से धरना प्रदर्शनकर श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वक्ताओं ने बैंकों का आवांछित विलय, विरोध, निजीकरण प्रक्रिया, बैंको के खराब ऋण खातों की वसूली के लिए कठोर उपाय, बैंकों में स्टाप की कमी, वेतन पुनरीक्षण करने जैसे मांग को नजरंदाज किया जा रहा है। कहा कि सरकार की गलत नीतियों की बदौलत बैंकों की एनपीए दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। वक्ताओं ने कहा घाटा दिखाकर सुधार के नाम पर सरकार सरकारी क्षेत्र के बैंकों को निजी पूंजीपतियों के हाथों में सौंप देगी। वक्ताओं ने इससे सावधान रहने पर बल दिया। प्रदर्शन के दौरान जगदीश उपाध्याय, गोपाल दास, शशि शेखर पांडेय, मनीष कुमार दुबे, प्रशांत पांडेय, प्रभु नारायण, रविशंकर सिंह, राजेंद्र, अश्वनी कुमार सिंह, मो. इरफान आदि मौजूद रहे।
इसी तरह से केंद्रीय संघ एनएफपीई एवं एफएनपीओ के संयुक्त आह्वान पर 25 सूत्री मांग के समर्थन में बुधवार को प्रधान डाकघर में डाककर्मियों ने प्रदर्शन जारी रखा। केंद्र सरकार पर कर्मचारी एवं मजदूर विरोधी दमनात्मक रवैया अपनाए जाने पर कर्मचारियों ने संचार मंत्री एवं वित्त मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता अशोक कुमार त्रिपाठी व संचालन सर्वेश कुमार ने किया। इस दौरान आनंद कुमार जायसवाल, मंगला प्रसाद भारती, सुरेंद्रनाथ त्रिपाठी, दिवाकर प्रसाद शुक्ला, अशोक कुमार शास्त्री आदि मौजूद रहे। एक दिवसीय देश व्यापी हड़ताल के दौरान भारतीय जीवन बीमा निगम विंध्याचल शाखा केे समस्त कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सात सूत्री मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विक्रम कुमार, सुमित कुमार, आशुतोष त्रिपाठी, खुर्शीद, अख्तर खां, पंकज कुमार आदि शामिल रहे।
अदलहाट, स्थानीय कस्बा स्थित बैंकों व डाकघरों के ताले बुधवार को नहीं खुले। जिससे बैंक उपभोक्ता एवं डाक उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्रीय श्रम और औद्योगिक कर्मचारी संगठन के आवाहन पर बुधवार कर्मचारी हड़ताल पर रहे।
चुनार, भारतीय जीवन बीमा निगम शाखा चुनार के कर्मचारियों ने बुधवार को लंबित मांगों के समर्थन के एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आवाज बुलंद करते हुए कहा कि एक अगस्त 2017 से लंबित वेतन पुनरीक्षण तत्काल किया जाने। बीमा किश्त पर जीएसटी वापस लिए जाने, निगम में चतुर्थ श्रेणी पद पर नई भर्ती शुरू किए जाने, पेंशन व पारिवारिक पेंशन में तत्काल सुधार किए जाने, विदेशी पूंजी निवेश सीमा में वृद्धि बंद किए जाने व एलआईसी जीआईसी का नीजिकरण बंद किया जाने समेत अन्य मांग शामिल रहे। धरने का नेतृत्व शिवराम तिवारी ने किया। इस दौरान जेपी वर्मा, संतोष कुमार, प्रेम कुमार, तारा देवी, ममता सिंह, नवीन, यशवंत सिंह, विशाल कुमार आदि मौजूद रहे।