जिगना। थाना क्षेत्र गोगांव में जमीन के विवाद को लेकर सोमवार को तेजाब फेंक कर बहू को जलाने और ससुर की लाठी-डंडे से पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे बाद गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि पिटाई से घायल वृद्ध की मौत सोमवार की दोपहर में ही हो गई थी, इसके बाद भी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार करती रही। मंगलवार को चारों आरोपितों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के गोगांव गांव में सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी अरुण कुमार दुबे अपने परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडा लेकर आया और लालचंद माझी की पिटाई करने लगा। बचाव करने आई उसकी बहू भागवनी (45) पत्नी परानू के ऊपर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से भागवानी का दाहिना हाथ झुलस गया। मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान लालचंद की मौत हो गई। मारपीट मामले में सुबह पुलिस ने अरुण कुमार दूबे, पवन कुमार दुबे, सुरेश और बड़कू दुबे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। मौत होने के बाद भी पुलिस ने धारा नहीं बढ़ाई। 24 घंटे बीतने के बाद एसपी डा. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने चारों आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपिता बड़कू, अरुण, सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।