लालगंज। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने शनिवार को ग्रामीणों की शिकायत पर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का औचक निरीक्षण किया। साथ ही मौके पर दरकती सड़क को देखकर निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था और एनएचआई के अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। कहा कि सड़क की गुणवत्ता से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जहां गड़बड़ है वहां सड़क दुबारा बनेगी।
राजमार्ग-सात वाराणसी के टेंगरामोड़ से हनुमना तक फोरलेन बन रही है। देश के महत्वपूर्ण मार्गों में शुमार राजमार्ग सात की एक सौ 25 किलोमीटर को फोरलेन बनाया जा रहा है। लेकिन कई बार स्थानीय स्तर पर इसको लेकर शिकायत सामने आई। गुणवत्ता की हकीकत शनिवार को जिलाधिकारी ने लालगंज के मिश्रपुर गांव के सामने देखी। उन्होंने दरकती व दबती सड़क को देखकर हैरानी व्यक्त की। खास बात यह है कि जिसकी जांच एनएचआई के अधिकारी कहने को आए दिन करते रहते हैं इसके बावजूद करनपुर से लेकर हनुमना मध्यप्रदेश की सीमा के बीच लालगंज के लावादह मिश्रपुर ,चिरूईराम, मिलिट्री पहाड़ी के पास सड़क में चटक और दरार उनको नहीं दिखती। इसको लेकर लोगों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी। हालांकि इस सड़क का ज्यादातर निर्माण कार्य पूरा होने के कगार पर है।