ड्रमंडगंज। स्थानीय वन क्षेत्रांतर्गत दुर्जनीपुर गांव के सीवान में शनिवार की सुबह ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग की टीम दिन भर हलकान रही। मोबाइल पर दी गई सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने संभावित क्षेत्र में सघन कांबिंग की। हालांकि शाम तक तेंदुआ दोबरा दिखाई नहीं दिया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह किसी व्यक्ति ने तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मोबाइल पर दिया। सूचना देने वाले व्यक्ति ने रेंजर को बताया कि दुर्जनीपुर गांव के पास अरहर के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया है। उसके बाद रेंजर ने अपने विभागीय फोर्स के अलावा पीआरवी पुलिस के जवानों के साथ दुर्जनीपुर गांव के आसपास काफी खोजबीन की। उधर गांव के समीप तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है। रेंजर ने बताया कि सूचना के आधार पर विभागीय फोर्स को सतर्क दृष्टि रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही दुर्जनीपुर गांव के लोगों को भी सावधान रहते हुए दोबारा तेंदुआ के दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल देने को कहा गया है।