मिर्जापुर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बिगड़े हालाता को देखते हुए रविवार को भी जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने नगर में पैदल गश्त की। शान्ति एवं कानून व्यवस्था के लिए फोर्स के साथ अधिकारियों ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पहुंच कर लोगों से संवाद किया और आपत्तिजनक पोस्ट न करने और अफवाहों से सावधान रहने की बात कही।
उधर, नागरिकता संशोधन एक्ट और एनआरसी के विरोध में पीएम के खिलाफ आत्तितजनक पोस्ट करने के आरोपित के खिलाफ कटरा कोतवाली पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि सीएए और एनआरसी पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की शिकायत मिली कि इस अफवाह से संबंधित पोस्ट से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। जिस पर आरोपित के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के साथ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
जिले में धारा 144 लागू होने के साथ शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए असमाजिक, अफवाही तत्वों में भय पैदा करने व अमन पसन्द लोगो में विश्वास बनाए रखने के लिए डीएम और एसपी ने क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, कटरा कोतवाल रमेश यादव, शहर कोतवाल हरिश्चंद्र सरोज, महिला थाना प्रभारी सीमा सिंह के साथ क्यूआरटी, पीएसी व भारी संख्या में पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में रूट मार्च किया गया। रूट मार्च संकटमोचन से प्रारंभ होकर वासलीगंज, खजांची चौराहा, घंटाघर, त्रिमुहानी, केबीपीजी कालेज होते हुए इमामबाड़ा, भैंसहिया टोला, सबरी, गणेशगंज, मुकेरी बाजार पर समाप्त किया गया। जिसमें जनता के व्यक्तियों से शांतिपूर्ण वातावरण व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। डीएम- एसपी ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में लोगों से संवाद कर अफवाहों पर ध्यान न देने व किसी भी प्रकार से अराजकता पैदा करने वाले की सूचना पुलिस को देने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, मैसेज, वीडियो, फोटे न शेयर करने की अपील की। बताया कि पूरे जनपद में धारा 144 लागू है, किसी भी प्रकार से अराजकता करने वालो के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विंध्याचल। पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर मां विंध्यवासिनी की नगरी में शांति व्यवस्था को कायम करने के लिए पुलिस फोर्स के साथ कस्बा इंचार्ज श्यामधर सिंह ने पूरे क्षेत्र में भ्रमण किया। मां विंध्यवासिनी मंदिर, पुरानी वीआईपी, नई वीआईपी, स्टेशन रोड, रोडवेज बस स्टेशन, पटेंगरा नाला, बंगाली चौराहा, बरतर तिराहा इत्यादि स्थानों पर भ्रमण कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए लोगों को सचेत किया।