कछवां। थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से बाइक सवार लोलर यादव की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार 72 वर्षीय पड़ोसी अशोक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक इनोवा छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पर पुलिस लिखा होने के साथ सायरन और पुलिस की बत्ती लगी थी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के शादी बनकट गांव निवासी लोलर यादव पड़ोसी अशोक सिंह के साथ बाइक से भदोही के बाबूसराय स्थित वैद्य के यहां दवा लेने जा रहे थे। कटका हाईवे पर पीछे से आ रही इनोवा ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक का पिछला हिस्सा इनोवा के अगले हिस्से में फंस गया और बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में लोलर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अशोक सिंह को राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोलर के बेटे महेश ने बताया कि उनके पिता दवा लेने जा रहे थे। परिवार में चार बेटे और छह बेटियां हैं। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है। नवंबर 2025 में सड़क दुर्घटना में लोलर यादव के बड़े बेटे की भी मौत हुई थी। परिवार सदमे से उबर नहीं पाया था कि अब लोलर यादव की हादसे में मौत से घर में कोहराम मचा है।
थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि दुर्घटना में दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और जांच-पड़ताल की जा रही है।
कछवां: मृतक लोलर का फाइल फोटो