चुनार थाना क्षेत्र के जलालपुर माफी गांव के पास हादसे में मृत आकाश कनौजिया। स्रोत- परिवार
- फोटो : Archive
चुनार। थाना क्षेत्र के जलालपुर माफी गांव के पास मंगलवार देर रात सड़क किनारे खड़े पिकअप से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मजदूर आकाश कनौजिया (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें चचेरी मोड़ सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आकाश की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चुनार थाना क्षेत्र के पचेवरा गांव निवासी पनारू कनौजिया ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रदीप कनौजिया मुंबई में रहकर काम करता है, जबकि छोटा बेटा आकाश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार रात आकाश सीखड़ क्षेत्र से काम करके बाइक से घर लौट रहा था। जलालपुर माफी गांव के पास उसकी बाइक सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकरा गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और उसके पिता को दी।
पुलिस घायल आकाश को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकराने के कारण बाइक सवार की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चुनार थाना क्षेत्र के जलालपुर माफी गांव के पास हादसे में मृत आकाश कनौजिया। स्रोत- परिवार- फोटो : Archive