संवाद न्यूज एजेंसी
चील्ह। थाना क्षेत्र के शास्त्री सेतु से रविवार सुबह सात बजे तीन बच्चों की मां ने पारिवारिक विवाद के बाद गंगा में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि किनारे मछली पकड़ रहे मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचा लिया। चील्ह के हुसैनीपुर निवासी महिला का पति से किसी बात के लिए विवाद हो गया। विवाद के बाद वह भोर में ही घर से निकल गई। पैदल चलते हुए शास्त्री सेतु पर पहुंची। पुल पर पहुंचते ही उसने गंगा में छलांग लगा दी। यह देख पुल से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला नदी में डूबने-उतराने लगी। नदी किनारे नाव लेकर मछली मार रहे मछुआरों की नजर पड़ी। मछुआरों ने बिना देर किए नाव दौड़ाई और डूब रही महिला को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना पर चील्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चील्ह थानाध्यक्ष भारत उपाध्याय ने बताया कि गंगा में कूदी महिला को बचा लिया है।
परिजनों को थाने बुलाकर समझाकर महिला को उनके सुपुर्द कर दिया है।