पड़रीपुत्री एवं नातिन के गुमसुदगी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए दो थाने का चक्कर काट रहे हैं माता
- एसपी कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पड़री। चार दिन पहले घर लौट रही बेलवन निवासी मां संजना और उसकी मासूम बेटी सोनम रास्ते से गायब हो गईं। अनहोनी की आशंका लिए परिजन दो थानों के बीच पेंडुलम बनकर रह गए हैं। अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो हुई है। पड़री थाने से उन्हें शहर कोतवाली तो शहर कोतवाली से उन्हें पड़री थाने का मामला बताकर लौटा दिया जा रहा है। लापता महिला की मां और पिता ने कई बार दोनों थानों के चक्कर लगा चुके पर उन्हें बस दूसरे थाने का मामला बताकर लौटा दिया जा रहा। एसपी कार्यालय में शिकायत की तो भी सुनवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी गुहार लगाई पर अभी तक मां बेटी का पता नहीं चल सका है। थाना पड़री के बेलवन निवासी कमला शंकर ने बताया कि वे और उनकी पत्नी फुलवा देवी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनको पांच पुत्र व दो पुत्र हैं। तीन बेटियों की शादी कर चुके हैं। दूसरे नंबर संजना की शादी पड़री थानाक्षेत्र के भरपुरा में हुई है। पति से विवाद के चलते संजना पिता के घर बेलवन ही रहती है। उसकी तीन साल की बिटिया सोनम है। पिता ने बताया कि मिर्जापुर स्थित ओलियर घाट में उसकी तीसरे नंबर की पुत्री अनीता रहती है। कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर अनीता की सेवा करने के लिए संजना बहन के घर आई थी। तीन अप्रैल को वह बहन के घर से पिता के घर बेलवन के लिए निकली। अनीता ने फोनकर मां फुलवा को इसकी सूचना भी दी पर घंटो बाद भी संजना के घर न पहुंचने पर माता पिता व परिजनों ने बेटी की तलाश शुरू की। जानकारी न मिलने पर माता पिता पड़री थाने पहुंचे। वहां से शहर कोतवाली का मामला बताकर उन्हें दूसरे थाने पर भेज दिया गया। फिर बुजुर्ग माता पिता शहर कोतवाली पहुंचे तो वहां पड़री थाने का मामला बताकर उन्हें वापस पड़री भेज दिया।
दोनों थानों पर चक्कर लगाने के बाद भी जब प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो परिवार ने अधिवक्ता से संपर्क किया। उनके माध्यम से एसपी कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इतना कुछ करने के बाद भी दोनों थानों पर प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। माता पिता अपनी बेटी और मासूम नतिनी की कुशलता को लेकर काम काज छोड़ जगह जगह गुहार लगा रहे। एसपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कराकर खोजबीन कराई जाएगी।