अस्पताल में प्रसुता और बच्चे की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन। स्रोत- संवाद
पड़री। हुरुआ गांव में शनिवार की देर रात एक निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आक्रोश देख डॉक्टर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने जांच पड़ताल की। बरजी मुकुंदपुर गांव निवासी नाजिया (25) को शनिवार की दोपहर में प्रसव पीड़ा हुई। परिजन प्रसुता को हुरुआ स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिवार के कुछ सदस्य घर चले आए।
इसके दो घंटे बाद अस्पताल में प्रसुता की भी मौत हो गई। इसके बाद परिजन हंगामा करने लगे। मृतका के जेठ लाल मोहम्मद ने बताया कि बच्चे की मौत होने के बाद वह अस्पताल में थे। उन्होंने डॉक्टर से नाजिया के सेहत के बारे में कई बार पूछा तो उसने कुछ नहीं बताया। दो घंटे बाद डॉक्टर उसे रेफर करने लगे।
इसके बाद घर वालों को बुलाया गया। बाहर निकालने पर नाजिया की मौत हो गई थी। परिजन डॉक्टर पर कार्रवाई करने के लिए अड़े रहे। थानाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत होने पर परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।