फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिर्जापुर: शहद-खिलौने बेचने के बहाने करते थे रेकी; खरवार गैंग के आठ सदस्य गिरफ्तार, 65 लाख के गहने बरामद

Mon, 26 Oct 2026 03:52 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर

सार

मिर्जापुर में कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों पर दिन में शहद और खिलौने बेचने के बहाने रेकी कर रात में चोरी करने का आरोप है।
विज्ञापन
मिर्जापुर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मिर्जापुर में शहद और खिलौने बेचने के बहाने घरों और सराफा दुकानों की रेकी करने वाले अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन में रेकी करते थे और रात में घरों व दुकानों को निशाना बनाते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी से मिर्जापुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की नौ घटनाओं का खुलासा हुआ है।

विज्ञापन


पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि 23 अगस्त को कटरा कोतवाली क्षेत्र के चिनियहवा इनारा, डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा की दुकान से रात में आभूषण चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना के खुलासे के लिए उनके निर्देश पर कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
विज्ञापन


टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और भौतिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 25 अक्टूबर को आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार, राजकुमार खरवार, चैंपियन कुमार, बीरेंद्र कुमार, विकास कुमार और आनंद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी बिहार के कैमूर, भोजपुर और रोहतास जिलों के निवासी हैं।

Trending Videos
विज्ञापन

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास डालते थे डेरा
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य मिर्जापुर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास डेरा डालकर रहते थे। दिन में शहद या खिलौने बेचने के बहाने अलग-अलग इलाकों में घूमते थे। इस दौरान घरों और सराफा दुकानों की निगरानी कर चोरी के लिए जगह चिह्नित करते थे। रात होने पर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

585 जोड़ी पायल समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद और पीली धातु के बड़ी संख्या में आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सफेद धातु के सामान में 585 जोड़ी पायल, 1316 पीस मीना, बच्चों के 106 पीस चुड़ला, 36 चेन, 17 करधनी, 24 राखी, छह पैजनी और दो अंगूठियां शामिल हैं।

इसके अलावा पीली धातु की 10 जिउतिया, दो चेन, 11 अंगूठियां, एक लॉकेट, तीन ओम, एक झुमका और एक मांगटीका बरामद किया गया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल होने वाले तीन रंभा, तीन छेनी, एक पेचकस, पांच प्लास, एक हथौड़ा और एक कटर भी बरामद किया है। पुलिस ने बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई है।

सात थानों में दर्ज नौ मामलों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मिर्जापुर जिले के सात थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी और चोरी की संपत्ति से संबंधित नौ मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें कटरा कोतवाली, मड़िहान, लालगंज, कोतवाली देहात, राजगढ़, जिगना और संतनगर थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज रही है। मामले में आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें