मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के अहरौरा खास डीह के पास सोमवार की सुबह वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही अनियंत्रित ट्रक ने वृद्ध को रौंद दिया। हादसे में तड़पते हुए सड़क पर ही घायल वृद्ध ने दम तोड़ दिया। ट्रक चालक मौका पाकर गाड़ी लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर परिजनों को सूचना दी। वहीं मौका पाकर चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
क्षेत्र के खास डीह निवासी 65 वर्षीय अलगु मौर्या पुत्र नन्हकू मौर्य सोमवार की सुबह वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आवश्यक कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही अनियंत्रित ट्रक ने अहरौरा खास डीह के पास वृद्ध को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक चालक डिवाइडर में टक्कर मारते हुए भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।