मिर्जापुर। कोविड के कारण लगभग 40 दिनों से बंद प्राथमिक से लेकर माध्यमिक विद्यालय बृहस्पतिवार को खुल गए। हालांकि विद्यालय केवल शिक्षक व स्टाफ के लिए खोले गए हैं। विद्यार्थियों अब भी स्कूल नहीं आना है। नगर के बीएलजे इंटर कालेज में कक्षा छह व नौ में प्रवेश के लिए कई अभिभावक सुबह 10 बजे पहुंच गए।
लेकिन कई शिक्षकों के समय से नहीं पहुंचने के कारण उपस्थित शिक्षकों ने अभिभावकों से बाद में आने के लिए कहा। राजकीय इंटर कालेज में भी कई अभिभावक पहुंचे। उनके साथ उनके बच्चे भी थे। वहां भी उपस्थित शिक्षक ने बताया कि अभी बच्चों को विद्यालय आने की अनुमति नहीं है। इसलिए वे घर जाएं और एक दिन बाद कार्यालय में संपर्क करें। उनको पूरी जानकारी दी जाएगी। इसी प्रकार अधिकतर इंटर कालेज व परिषदीय विद्यालय बृहस्पतिवार से खुल गए।
वहीं राजगढ़ विकास खंड क्षेत्र में कई महीनों बाद शासन के आदेशानुसार परिषदीय विद्यालय खोले गए। क्षेत्र के कुछ विद्यालयों में केवल शिक्षामित्र ही पहुंचे। अध्यापक विद्यालय नहीं पहुंचे थे।