मिर्जापुर में चार माह पूर्व चुनार कोतवाली में सरिया चोरी के दर्ज मुकदमे में पुलिस ने रविवार की रात अमेठी व प्रतापगढ़ से वांछित चार लोगों को गिरफ्तार किया। रात में ही उन्हें मिर्जापुर लाया गया और सोमवार को चालान कर दिया गया।
चुनार थाना क्षेत्र के धौहां गांव स्थित यूको सरिया फैक्ट्री से आठ मार्च 2021 को चेचरी मोड़ से विजय ट्रांसपोर्ट का ट्रक 25 टन सरिया लादकर कार्तिक इंटर प्राइजेज उन्नाव पहुंचाने के लिए निकला था। लेकिन कई दिन बाद भी ट्रक वहां नहीं पहुंचा। 21 अप्रैल को ट्रांसपोर्ट संचालक दिलीप कुमार ने ट्रक चालक अरविंद प्रजापति निवासी पटहटिया कला सेनापुर प्रतापगढ़ पर मुकदमा दर्ज कराया। रविवार की शाम को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद चालक की निशान देही पर पुलिस सरिया खरीदने वाले प्रतापगढ़ के व्यवसायी हनुमान प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार व अमेठी के व्यवसायी देव नारायण मिश्रा को भी गिरफ्तार किया। कोतवाल गोपालजी गुप्ता ने बताया कि ट्रक चालक के मुताबिक प्रतापगढ़ के दोनों व्यावसायियों को कुल मिलाकर 21 टन व अमेठी के व्यावसायी को चार टन सरिया बेची थी। पुलिस ने तीनों व्यावसायियों के पास से एक टन तीन सौ दस किलो सरिया बरामद किया है। जबकि चालक के पास से पुलिस को एक तमंचा एक जिंदा कारतूस बरामद किया।