प्रदेशीय खो खो प्रतियोगिता में उप विजेता कप के साथ मिर्जापुर मंडल की टीम।- सोशल मीडिया।
अदलहाट। मिर्जापुर मंडल बालक सीनियर वर्ग खो-खो के खिलाड़ियों ने वृहस्पतिवार को अयोध्या के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 69वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स अंडर-14, 17 एवं 19 (बालक/बालिका) खो-खो प्रतियोगिता के फाइनल में गोरखपुर मंडल से 14-10 के अंतराल से रोमांचक मुकाबला हारने के बाद भी दिल जीत लिया।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह ने बताया कि मिर्जापुर मंडल बालक सीनियर वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार फाइनल में पहुंची थी। इसमें गोरखपुर के साथ हुए फाइनल मुकाबले में अंतिम तक रोमांच बना रहा। अंतिम समय में गोरखपुर की टीम ने मिर्जापुर मंडल की झोली से जीत को छीनकर 14-10 से चैंपियन बनी। इससे पहले सेमीफाइनल में मुरादाबाद के साथ रोमांचक मुकाबले में 12-09 अंकों के अंतर से हराकर मिर्जापुर मंडल फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही थी।
कामयाबी में बालक सीनियर वर्ग टीम में भदोही के भारतीय इंटर कॉलेज परसीपुर के रंजीत कुमार, आदित्य मौर्य, सोनू, लवकुश कुमार मिश्रा, अजीत यादव। इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज के गुलशन राय, अनिकेत तिवारी, अमरजीत, सिकंदर कुमार, आकाश यादव व मिर्जापुर जिले के पीडीएनडी इंटर कॉलेज चुनार के रितिक गुप्ता, जनता इंटर कॉलेज भुड़कुडा के जय प्रकाश गुप्ता व राम नरेश ने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम को फाइनल में पहुंचाया। टीम मैनेजर राजपति सिंह (मिर्जापुर) व टीम कोच चंदन मौर्य (भदोही) ने खिलाड़ियों का लगातार हौसला बढ़ाया। संवाद