मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बोदा गांव के पास बुधवार की देर शाम सात बजे अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को जानकारी दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, हलिया थाना क्षेत्र के बरी गांव निवासी श्याम मुरारी(28) पुत्र बंधु अपने भांजे अश्वनी(14) पुत्र स्व. छोटेलाल के साथ किसी तिलक समारोह में गया था। मामा भांजे को लेकर बाइक से घर लौट रहा था।
बाइक लालगंज थाना क्षेत्र के बोद गांव के पास पहुंची थी कि किसी वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को सड़क से हटवाकर उनकी पहचान कराई।
शिनाख्त होने पर उनके परिजनों को सूचना दी गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।