अहरौरा। प्रवासी कामगारों को प्रमुखता से रोजगार मुहैया कराया जाएगा। श्रमिकों की ओर से खनन विभाग में आवेदन करने पर उन्हें स्किल मैपिंग के आधार पर काम दिया जाएगा। उक्त बातें दुर्गा जी मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान खनन अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को व्यक्त किया।
वैश्विक महामारी के दौरान चलाए गए राहत मानव संसाधन व महिला विकास संस्थान के साथ खनन विभाग की टीम ने कोविड-19 से प्रभावित सौ से अधिक गरीब परिवारों के बीच राशन किट का वितरण किया। खनन अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे हर हाल में सभी को मिलकर रोकना पड़ेगा। इसके लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को रोजगार मुहैया कराने के लिए खनन विभाग या पंचायती राज विभाग में आवेदन करना आवश्यक होगा। इसके बाद उन्हें रोजगार मुहैया करा दिया जाएगा। इस दौरान संस्था के निर्देशक भानुजा शरण लाल ने कहा कि संस्था की ओर से क्षेत्र के जरूरतमंदो की मदद की जा रही है। इस दौरान ओमप्रकाश, राजबली, दिनेश कुमार राजभर, रंजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन राजकुमार कुशवाहा ने किया।