मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में सो रहे भवन स्वामी की अज्ञात बदमाशों ने सिर पर वार कर हत्या कर दी। शनिवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस गिरकर सिर में चोट लगने से मौत होने की बात कह रही है।
अदलपुरा-शीतलाधाम मार्ग पर पानी टंकी के समीप सड़क किनारे रामसूरत (46) पुत्र खदेरू का निर्माणाधीन मकान है। उसका परिवार मुजाहिदपुर गांव में रहता है। प्रतिदिन की भांति शुक्रवार रात रामसूरत मुजाहिदपुर से भोजन करके सोने के लिए निर्माणाधीन मकान पर आया था। शनिवार सुबह जब रामसूरत घर नहीं लौटा तो उसका पुत्र निर्माणाधीन मकान पर आया। यहां का नजारा देखकर वह सन्न रहा।
चारपाई पर रामसूरत का खून से लथपथ शव पड़ा था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। उसके गले के पास भी कटे का निशान था। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र के मुजाहिदपुर ढेल हनिया निवासी रामसूरत की मां चंपा देवी को अपने मायके में नवासा मिला था।