उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लिए गर्व की बात है। पिपराडांड़ में बन रहा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कोविड संक्रमण के बाद भी रिकॉर्ड समय में पूरा हो गया। अब नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) से 100 सीटों की मंजूरी भी मिली गई है। 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिद्धार्थनगर से सभी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। उम्मीद है कि नीट की काउंसिलिंग के बाद नवंबर से मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू हो सकती है।
स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर जिले में सिर्फ मंडलीय अस्पताल था। जहां पर डॉक्टर से लेकर विशेषज्ञ तक की कमी थी। जिले में मेडिकल कॉलेज की मांग वर्षों से उठ रही थी। मार्च 2019 में मेडिकल कॉलेज की नींव रखी गई। 232 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का राजकीय निर्माण निगम ने निर्माण शुरू किया। इस बीच कोविड संकट आ गया।
इसके बाद भी काम जारी रखते हुए पिपराडाड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक सत्र के लिए शुरू होने वाले सभी भवन तैयार कर लिए गए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज का नाम मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय रख दिया। मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की टीम ने भी दो दिनों तक जांच की।