चुनार थाना क्षेत्र के धौहा गांव में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव कमरे में पंखे पर साड़ी के फंदे से लटकते हुए मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मायके वालों ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के सिवरविट टोला गणेशपुर गांव निवासी संतोष पटेल की पुत्री विभा पटेल का विवाह तीन वर्ष पूर्व चुनार थाना क्षेत्र के धौहा गांव निवासी ओमप्रकाश पटेल के पुत्र राकेश पटेल के साथ हुआ था। रविवार की रात विवाहिता परिवार के सदस्यों को खाना देने के बाद अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ कमरे में सोने चली गयी। पति राकेश पटेल शीतल वाटर कंपनी में टैंकर चलाता है। पानी का टैंकर पहुंचाने के बाद अर्द्धरात्रि अपने घर खाना खाने पहुंचा तो देखा कि घर के अंदर पत्नी विभा (23) का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका था।। आनन-फानन में आस-पास के लोगों को इकट्ठा कर फंदे से लटक रहे पत्नी के शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। मायके के लोगों को किसी अन्य रिश्तेदार से विवाहिता की मौत सूचना मिली। मायके वाले मौके पर पहुंचे। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में विवाहिता के भाई सत्यम सिंह पटेल की तहरीर पर पुलिस ने पति राकेश पटेल, ससुर ओमप्रकाश व सास पवित्रा देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मायके वालों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।