थाना क्षेत्र के टेडुंआ गांव की एक 25 वर्षीय विवाहिता की वाराणसी के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के टेडुंआ गांव निवासी कांता प्रसाद की पुत्री पूजा पटेल की शादी अहरौरा थाना क्षेत्र के पटिहटा गांव निवासी संतोष पटेल के साथ 2019 में हुआ था। दो दिन पूर्व पूजा पटेल की तबीयत अचानक खराब होने पर परिजनों ने उसे वाराणसी स्थित मैक्सवेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां दवा-इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर मृतका की मां आशा देवी ने अदलहाट थाने पहुंचकर अपनी पुत्री का इलाज ठीक ढंग से न करने व खानपान में लापरवाही बरतने से हुई मौत की सूचना पुलिस को दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।