लालगंज। तेंदुहनी गांव में सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में कच्चे मकान के बड़ेर में फंदे से लटककर विवाहिता ने जान दे दी। जानकारी होने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
लालगंज के तुलसी गांव निवासी आरती (26) की शादी 2014 में तेंदुहनी गांव निवासी रामलाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों को कोई संतान नहीं हुई। सोमवार की भोर में आरती संदिग्ध हालात में कच्चे मकान के बड़ेर से लटकी मिली। सुबह कमरे में परिजनों को आरती लटकी दिखी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मायके वाले भी पहुंचे। आरती के चाचा कन्हैया लाल ने थाने में तहरीर देकर प्रताड़ना का आरोप लगाया। बताया कि शादी के दो वर्ष बाद से उसकी भतीजी को ससुराल वाले दहेज के प्रताड़ित करने लगे। सोने की चेन और गाड़ी की मांग की जाने लगी। एक बार रात को 12 बजे मारपीट कर भगा दिया। सुलह होने पर विदाई कर दी। आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसकी भतीजी आरती की हत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।