अहरौरा। मानिकपुर गांव में होली के दिन हुए विवाद से खुन्नस खाए एक पक्ष ने सोमवार को एक घर में घुसकर दंपती को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को सीएचसी पहुंचाया। स्थिति बिगड़ने पर घायल युवक को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की तलाश कर रही है।
मानिकपुर गांव में दो होली के दिए पक्षों के बीच मारपीट हो गई। गांव में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला रफा-दफा कर दिया। पर नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने सोमवार को गांव निवासी सुरेश की घर में घुसकर मारपीट की। पति सुरेश को बचाने के लिए आई संगीता को भी मारापीटा। इससे वह भी घायल हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर घायल दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर घायल युवक सुरेश को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि हमलावर पक्ष से धर्मेंद्र, शंकर, पुनवासी, शिव शंकर, विकास सहित अन्य लोग सोमवार को घर में घुस गए। पति सुरेश को पुरानी रंजिश के चलते पीटने लगे। पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं।